उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को लेकर जारी बहस अब सियासी गरमाहट में बदल गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘लातों के भूत’ वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhliesh Yadav) ने करारा जवाब दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सीधा नाम लिए बिना तंज कसते हुए लिखा – “अगली बार कुछ लोगों का भूत ‘बूथ’ उतारेगा… और कुछ नहीं कहना है।”
मामला क्या है?
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में वाराणसी में एक सभा के दौरान जौनपुर में हुई एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मुहर्रम में ऊंचे ताजिए के कारण दुर्घटना हो गई थी। प्रशासन ने पहले ही निर्देश दिए थे कि ताजिए की ऊंचाई तय सीमा से अधिक न हो, क्योंकि वहां हाईटेंशन तार गुजरते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब लोग चेतावनी के बाद भी नहीं माने और विरोध में सड़क जाम कर दिया, तो पुलिस ने उनसे पूछा कि क्या किया जाए। इस पर उन्होंने जवाब दिया – “लाठी चलाओ, ये लातों के भूत हैं, बातों से नहीं मानेंगे।”
अखिलेश यादव ने कैसे किया पलटवार?
मुख्यमंत्री के इस बयान पर विपक्षी दलों ने उन्हें जमकर घेरा। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “अगली बार कुछ लोगों का भूत बूथ उतारेगा… और कुछ नहीं कहना है।”
यह टिप्पणी विधानसभा चुनावों की ओर इशारा करती है, जहां अखिलेश यादव ने भाजपा को जनता के वोट से सबक सिखाने की बात कही।
पहले भी साधा था निशाना
अखिलेश यादव ने इसी मुद्दे पर पहले भी सीएम योगी की आलोचना करते हुए लिखा था- “लोकतंत्र में पक्षपात सरकार का सबसे बड़ा दोष होता है।” उनका इशारा प्रशासनिक कार्रवाई में भेदभाव की ओर था, जिसे लेकर सपा लगातार योगी सरकार पर हमलावर रही है।
कांवड़ यात्रा को लेकर भी विवाद
इधर कांवड़ यात्रा के दौरान कई जगहों पर कांवड़ियों द्वारा सड़कों पर उपद्रव और ट्रैफिक बाधित होने की घटनाएं सामने आईं हैं। विपक्ष इन घटनाओं को लेकर सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है और यह मुद्दा अब सियासी रंग भी पकड़ता जा रहा है।










