Yogi सरकार ने दी प्रदेशवासियों को बड़ी स्वास्थ्य सुविधा की सौगात, अब घर बैठे मिलेगी लैब जांच रिपोर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (CM Yogi) ने प्रदेशवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी राहत दी है। अब मरीजों को लैब जांच रिपोर्ट लेने के लिए अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। जांच रिपोर्ट सीधे उनके मोबाइल नंबर पर भेजी जाएगी। यह सुविधा प्रदेश के सभी जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और बड़े सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध होगी।

अब मरीज अपनी लैब रिपोर्ट घर बैठे एसएमएस, व्हाट्सएप, पर्सनल हेल्थ रिकॉर्ड (PHR) पोर्टल और मॉबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीकी क्रांति

स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सचिव रितु माहेश्वरी ने जानकारी दी कि यह सुविधा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुरू की गई है। इसके तहत हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम (HMIS) को लैब इंफॉर्मेशन सिस्टम (LIS) से जोड़ा गया है। यह काम आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत किया गया है।

अब जांच रिपोर्ट पीएचआर पोर्टल या एप पर अपलोड की जाएगी और जैसे ही रिपोर्ट तैयार होगी, मरीज को एसएमएस अलर्ट और लिंक भेजा जाएगा। मरीज कभी भी रिपोर्ट को डाउनलोड कर सकता है और जरूरत होने पर डॉक्टरों से साझा कर सकता है।

डॉक्टरों को भी होगी सुविधा

अस्पताल में भर्ती मरीजों की जांच रिपोर्ट सीधे संबंधित डॉक्टर को मिल जाएगी। इससे इलाज में देरी नहीं होगी और सटीकता बढ़ेगी। अब डॉक्टरों को रिपोर्ट का इंतजार नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय पर और प्रभावी इलाज संभव हो पाएगा।

स्वास्थ्य प्रणाली में पारदर्शिता और भरोसा बढ़ेगा

यह नई व्यवस्था रिपोर्ट की सटीकता, समयबद्धता और पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी। मरीजों को अब रिपोर्ट के लिए दोबारा अस्पताल नहीं जाना पड़ेगा और न ही रिपोर्ट खोने की चिंता होगी।

प्रदेश सरकार का यह कदम डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें