Varanasi : वाराणसी के ऐतिहासिक बाजार दालमंडी में बहुप्रतीक्षित चौड़ीकरण परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। क्षेत्र की संकरी गलियों और लगातार बढ़ते यातायात को देखते हुए लंबे समय से यहां सड़क चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। अब प्रशासन ने इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए सड़कों पर लाल निशान लगाना शुरू कर दिया है, जिससे स्थानीय लोगों को काम की शुरुआत का संकेत मिलने लगा है।
हाल ही में अपने वाराणसी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की थी, जिसमें दालमंडी चौड़ीकरण की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को जानकारी दी कि सर्वेक्षण का काम पूरा हो चुका है और अब अगला चरण बारिश के बाद शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि बारिश खत्म होते ही चौड़ीकरण का काम किसी भी सूरत में शुरू कर दिया जाए और निर्धारित समयसीमा में इसे पूरा किया जाए। चौड़ीकरण के तहत दालमंडी की सड़कों को विस्तृत किया जाएगा ताकि आवागमन आसान हो और बाजार का विकास सुचारु रूप से हो सके।










