झालावाड़ के सरकारी स्कूल में दर्दनाक हादसा: छत गिरने से 7 बच्चों की मौत, कई घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजस्थान। राज्य के झालावाड़ जिले में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। मनोहरथाना ब्लॉक के पिपलोदी गांव में स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की छत और दीवार गिरने से स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक घटना में अब तक 7 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि कई बच्चे मलबे में दबे होने की आशंका है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने घटना पर दुख जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हादसे की पुष्टि करते हुए जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, स्कूल की छत काफी जर्जर हालत में थी और लगातार बारिश की वजह से दीवारें कमजोर हो गई थीं। अचानक भरभराकर छत गिर गई और कई बच्चे उसके नीचे दब गए। हादसे के वक्त स्कूल में दर्जनों छात्र-छात्राएं मौजूद थे।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

अब तक 7 बच्चों की जान जा चुकी है और 20 से अधिक घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को मनोहरथाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया है। प्रशासन द्वारा राहत कार्य में जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है, जबकि स्थानीय ग्रामीण भी मलबा हटाने में हाथ बंटा रहे हैं।

प्रशासन मौके पर, राहत कार्य जारी

झालावाड़ के एसपी अमित कुमार बुडानिया और कलेक्टर मौके पर पहुंच गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत कार्य को युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर जताया दुख

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व Twitter) पर लिखा, “झालावाड़ के मनोहरथाना में सरकारी स्कूल की इमारत गिरने से कई मासूम बच्चों की जान गई है। यह बेहद दुखद है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि घायलों को शीघ्र स्वस्थ करें और जनहानि को सीमित रखें।”

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें