OTT Platform Ban : देश में बढ़ती डिजिटल अश्लीलता पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 25 ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और मोबाइल ऐप्स को बैन कर दिया है। इन ऐप्स पर अश्लील और आपत्तिजनक कंटेंट परोसने के आरोप थे, जिसके चलते सरकार ने इन्हें तुरंत प्रभाव से ब्लॉक करने का आदेश दिया है।
इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स (ISPs) को निर्देश दिया गया है कि वे इन ऐप्स और वेबसाइट्स को तत्काल प्रभाव से बंद करें। साथ ही, आदेश की अवहेलना करने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
क्या कहा सरकार ने अपने आदेश में?
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, सरकार देश में गैरकानूनी और अश्लील डिजिटल कंटेंट के सख्त खिलाफ है। मंत्रालय ने कहा कि ऐसे कंटेंट को बढ़ावा देने वाले प्लेटफॉर्म्स की पहचान कर उन्हें ब्लॉक करने का निर्णय लिया गया है।
यह कार्रवाई IT अधिनियम 2000 और IT नियम 2021 के तहत की गई है। साथ ही इन ऐप्स को आईटी एक्ट की धारा 67 और 67A, भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 294 और महिला अश्लील चित्रण निषेध अधिनियम 1986 की धारा 4 के अंतर्गत दोषी पाया गया है।
सरकार ने साफ कहा है कि अगर किसी इंटरनेट प्रदाता ने इस आदेश की अनदेखी की, तो उसके खिलाफ IT एक्ट की धारा 79(1) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
किन-किन ऐप्स पर लगा है बैन?
सरकार ने जिन 25 ऐप्स और प्लेटफॉर्म्स को बैन किया है, उनमें शामिल हैं-ALTT, ULLU, Big Shots App, Desiflix, Boomex, Navarasa Lite, Gulab App, Kangan App, Bull App, Jalva App, Wow Entertainment, Look Entertainment, Hitprime, Feneo, ShowX, Sol Talkies, Adda TV, HotX VIP, Hulchul App, MoodX, NeonX VIP, Fugi, Mojflix और Triflicks।










