वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 51वें काशी दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वाराणसी पहुंचे हैं। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान सीएम योगी कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थित समीक्षा करेंगे और जहां जरूरत होगी वहां आवश्यक बदलाव भी कराएंगे।
कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण और अधिकारियों के साथ समीक्षा
सीएम योगी सबसे पहले पीएम मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों पर जाकर वहां की तैयारियों का ब्लूप्रिंट देखेंगे। इसके बाद वे विभिन्न परियोजनाओं का जमीनी निरीक्षण करेंगे। खास तौर पर सेवापुरी के बनौली क्षेत्र, जहां खुद योगी आदित्यनाथ की भी रैली प्रस्तावित है, वहां की तैयारियों को भी वे करीब से परखेंगे।
मुख्यमंत्री मंडल स्तर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक भी करेंगे। इस बैठक में पीएम मोदी द्वारा लोकार्पित और शिलान्यास किए जाने वाले परियोजनाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
संगठन के साथ बैठक और जनसभा की रणनीति
मुख्यमंत्री योगी संगठन के पदाधिकारियों के साथ भी चर्चा करेंगे। बैठक में 2 अगस्त को होने वाली प्रधानमंत्री की जनसभा की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान की समीक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दरबार में करेंगे दर्शन
समीक्षा और निरीक्षण के बाद सीएम योगी काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे और सावन के तीसरे सोमवार के अवसर पर विशेष रुद्राभिषेक भी करेंगे। इससे पहले वे काल भैरव मंदिर जाकर बाबा की आरती उतारेंगे और आशीर्वाद लेंगे।










