PM Modi के वाराणसी दौरे को लेकर तैयारियों की समीक्षा बैठक, मुख्य सचिव और DGP ने दिए सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को इस संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव मनोज कुमार ने की। बैठक में डीजीपी राजीव कृष्ण और अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।

बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रमों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी मुख्य सचिव और डीजीपी को दी।

अधिकारियों को दिए गए कड़े निर्देश

मुख्य सचिव मनोज कुमार ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पूर्ण समर्पण और गंभीरता के साथ अपने कार्यों को अंजाम दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, बारिश की संभावना को ध्यान में रखते हुए जलभराव और यातायात को लेकर विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड में पुलिस

डीजीपी राजीव कृष्ण ने पूरे दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता और चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए और सुरक्षा में कोई चूक न हो।

शहर की साफ-सफाई और सड़कों की मरम्मत पर विशेष जोर

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने नगर निगम और ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम और डीपीआरओ को अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कें पूरी तरह गड्ढामुक्त हों, और रूट पर लाइटिंग व बैरिकेडिंग की उचित व्यवस्था की जाए।

सभा स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट, पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी विशेष तैयारी के निर्देश दिए गए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस समीक्षा बैठक में डीआईजी वैभव कृष्ण, डीएफओ स्वाति सिंह, एडीएम सिटी आलोक वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव सहित सभी संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें