वाराणसी की जर्जर सड़कों को लेकर सपा कार्यकर्ताओं का अनोखा प्रदर्शन, मिट्टी लगाकर सौंपा नगर आयुक्त को ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: शहर की बदहाल सड़कों और गहराते गड्ढों से परेशान समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ता सड़कों के गड्ढों में खड़े हुए, शरीर पर मिट्टी लगाकर अपर नगर आयुक्त से मुलाकात की और उन्हें नागरिकों की पीड़ा से जुड़ा विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

बरसात में सड़कें बनीं खतरे का घर

ज्ञापन में बताया गया कि बनारस की सड़कों की हालत इस कदर खराब हो चुकी है कि आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। शहर के लगभग हर प्रमुख मार्ग पर सड़कें खोद दी गई हैं और उन्हें अधूरा छोड़ दिया गया है। बारिश में गड्ढे और गहरे हो गए हैं, जिससे जाम, जलभराव और नागरिक असुविधा बढ़ गई है। सावन महीने में काशी में बड़ी संख्या में कांवड़िए, श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, जिनके लिए यह स्थिति खतरनाक बनी हुई है।

ज़ीशान अंसारी बोले – जानलेवा हो चुकी हैं शहर की सड़कें

सपा नेता ज़ीशान अंसारी ने कहा कि सड़कें सिर्फ खस्ताहाल नहीं, अब जानलेवा बन चुकी हैं। स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना जोखिम उठाना पड़ रहा है। एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपात सेवाओं के वाहनों को भी गड्ढों के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है।

भ्रष्टाचार और लापरवाही की पोल खोलतीं सड़कें

सामाजिक कार्यकर्ता शुभम सेठ ने बताया कि हाल ही में बनी सड़कों पर भी गड्ढे नजर आ रहे हैं, जिससे निर्माण में भारी भ्रष्टाचार और लापरवाही सामने आ रही है। उन्होंने मांग की कि सभी प्रमुख सड़कों का सर्वे कराकर मानक गुणवत्ता के अनुसार मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही, दोषी ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

नगर निगम से मिला आश्वासन, एक हफ्ते की डेडलाइन

अपर नगर आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और शीघ्र समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। वहीं, सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे जन आंदोलन करेंगे और सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन करेंगे।

इन लोगों ने निभाई भागीदारी

इस प्रदर्शन में पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा, ज़ीशान अंसारी, अमित कुमार, उरूज़ रफी, राजिश, कैफ, रजत, परवेज़, अयान अंसारी, विक्की गुप्ता, योगेश यादव, राज श्रीवास्तव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें