वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हुकुलगंज, चित्रकूट कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कॉलेज और प्राथमिक विद्यालय सरैया में बने राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राहत और सुरक्षा के काम में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि राहत शिविरों को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए और वहां तैनात पुरुष व महिला पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे व्यवस्था बनाए रखें।
घरों में फंसे लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार ने शिविरों में रह रहे लोगों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि जो परिवार अपने घर के ऊपरी मंजिलों पर रुके हुए हैं, उन्हें राहत किट और भोजन की व्यवस्था तत्काल दी जाए। उन्होंने सभी राहत शिविरों में शाम तक भोजन की व्यवस्था शिविर के अंदर ही करने का आदेश दिया।
स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
नगर निगम को शिविर परिसरों और शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, जलजमाव वाले इलाकों में एंटीलार्वा दवा, फॉगिंग और चूना छिड़काव लगातार कराने को कहा गया। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जिलाधिकारी ने CMO से फोन पर बातचीत कर तत्काल मेडिकल टीम तैनात करने का निर्देश दिया।
बच्चों की पढ़ाई पर न हो असर
उन्होंने विशेष रूप से स्कूलों में बने शिविरों में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसका ख्याल रखने को कहा और नायब तहसीलदार को आवश्यक कदम उठाने को कहा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों को बिस्किट और मिठाई भी वितरित की।
भोजन और सामग्री की गुणवत्ता से समझौता नहीं
चित्रकूट कॉन्वेंट में बने रसोईघर और खाद्य सामग्री स्टोर का निरीक्षण कर जिलाधिकारी ने खाद्य गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्यान्न की गुणवत्ता और मात्रा से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। साथ ही राहत सामग्री और भोजन पैकेट की समयबद्ध और मानक अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
वैकल्पिक बिजली और महिला-बच्चों की जरूरतें पूरी करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी राहत शिविरों में जनरेटर की वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने और महिलाओं-बच्चों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने को कहा। इसके अलावा, आरके लॉज में ठहरे प्रभावितों को यूनाइटेड पब्लिक स्कूल में स्थानांतरित करने के आदेश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान एसीएम तृतीय, नायब तहसीलदार, लेखपाल, क्षेत्रीय पार्षद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के निर्देशों से राहत कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।










