मथुरा में संत प्रेमानंद महाराज को जान से मारने की धमकी, सोशल मीडिया पोस्ट से मचा बवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धार्मिक नगरी मथुरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को सोशल मीडिया पर खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई। यह धमकी मध्य प्रदेश के सतना जिले के रहने वाले एक युवक शत्रुघ्न सिंह ने अपने फेसबुक पोस्ट में दी, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना से ब्रज क्षेत्र के संत समुदाय और श्रद्धालुओं में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिल रही है।

पूरा मामला एक वीडियो से जुड़ा है जिसमें प्रेमानंद महाराज ने युवाओं के रिश्तों और बदलती जीवनशैली को लेकर अपनी राय रखी थी। उनके विचार कुछ लोगों को पसंद नहीं आए और इसी को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक प्रतिक्रिया दी गई।

क्या कहा गया धमकी भरे पोस्ट में?

शत्रुघ्न सिंह नामक युवक, जो खुद को पत्रकार बताता है, ने फेसबुक पर लिखा, “अगर कोई मेरे घर की बात में बोलता, चाहे वो प्रेमानंद हो या कोई और, तो मैं उसकी गर्दन उतार देता। ये समाज की बात है।” इस विवादित बयान के बाद लोग युवक की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

संत समाज का गुस्सा फूटा

श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष फलाहारी बाबा ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा,”यह ब्रजभूमि है, यहां पापियों को भी दंड मिला है। कोई भी प्रेमानंद बाबा की ओर आंख उठाकर भी देखेगा, तो हम चुप नहीं बैठेंगे। हम गोली भी खाएंगे लेकिन संतों का अपमान नहीं सहेंगे।” उन्होंने सरकार से मांग की कि ऐसे लोगों पर तुरंत सख्त कानूनी कदम उठाए जाएं ताकि भविष्य में कोई भी संतों के खिलाफ अपमानजनक भाषा न बोले।

प्रेमानंद महाराज ने क्या कहा था?

यह विवाद 12 जून से वायरल हो रहे उस वीडियो से जुड़ा है, जिसमें एक महिला ने सवाल पूछा था— “युवा अपनी मर्जी से शादी करें या परिवार की मर्जी से, दोनों में ही रिश्ते क्यों नहीं टिकते?”

इस पर प्रेमानंद महाराज ने जवाब दिया,”जब चरित्र शुद्ध नहीं होगा, तब रिश्तों में स्थायित्व कैसे आएगा? आज के युवाओं की सोच, कपड़े और व्यवहार सब बदल चुके हैं। लड़के-लड़कियों के बार-बार रिश्ते बनते-बिगड़ते हैं, जो व्यभिचार में बदल जाते हैं।”
उन्होंने कहा कि जैसे रोज बाहर के होटल का खाना खाने वाला इंसान घर का सादा खाना पसंद नहीं करता, वैसे ही बार-बार संबंध बदलने वाला इंसान एक ही जीवनसाथी के साथ संतुष्ट नहीं रह पाता।

विवाद की जड़

प्रेमानंद महाराज के इसी बयान को लेकर कुछ वर्गों ने आपत्ति जताई और फिर सतना निवासी युवक की धमकी ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें