नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की परेशानी बढ़ गई है। उन्होंने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि उनका नाम बिहार की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से गायब है। उन्होंने वोटर आईडी नंबर RAB2916120 दिखाते हुए कहा कि यह चुनाव आयोग के रिकॉर्ड में नहीं है। अब चुनाव आयोग ने इस दावे पर संज्ञान लेते हुए तेजस्वी को नोटिस भेजा है और उनसे इस EPIC नंबर से जुड़ी पूरी जानकारी मांगी है।
चुनाव आयोग ने सामने रखी असली वोटर डिटेल
चुनाव आयोग की जांच में सामने आया कि तेजस्वी यादव का नाम दरअसल मतदान केंद्र संख्या 204 (बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पुस्तकालय भवन) की वोटर लिस्ट में क्रम संख्या 416 पर मौजूद है। आयोग ने बताया कि तेजस्वी का सही EPIC नंबर RAB0456228 है।
दो EPIC नंबर पर उठे सवाल
तेजस्वी यादव द्वारा बताए गए EPIC नंबर RAB2916120 को लेकर आयोग ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई नंबर उसकी प्रणाली में दर्ज ही नहीं है। ऐसे में आयोग ने तेजस्वी से इस नंबर से जुड़ा विवरण मांगा है—जिसमें वो कथित वोटर आईडी कार्ड भी शामिल है—ताकि पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके।
तेजस्वी के आरोपों को चुनाव आयोग ने किया खारिज
चुनाव आयोग ने शनिवार को कहा कि तेजस्वी यादव का नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में सही स्थान पर दर्ज है। आयोग ने उन्हें सलाह दी है कि अगर उन्हें कोई आपत्ति है तो वो तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करें।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी का दावा
2 अगस्त को आयोजित प्रेस मीट में तेजस्वी ने अपने मोबाइल को बड़ी स्क्रीन से जोड़ा और वहां से EPIC नंबर सर्च करते दिखे, लेकिन स्क्रीन पर ‘कोई रिकॉर्ड नहीं मिला’ संदेश आया। इसी आधार पर उन्होंने कहा, “अगर मैं मतदाता ही नहीं हूं तो चुनाव नहीं लड़ सकता, शायद मुझे भारतीय नागरिक भी न माना जाए।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गणना के वक्त जो अधिकारी उनके पास आया, उसने उन्हें कोई पावती या सबूत नहीं दिया।










