Kanpur Double Murder : कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां 25 वर्षीय किन्नर काजल और उनके गोद लिए 12 वर्षीय भाई देव की लूट के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने जब कमरे का ताला तोड़ा, तो अंदर का मंजर देख सभी दंग रह गए—देव का शव बेड के किनारे पड़ा था, जबकि काजल का शव बेड के अंदर छिपा हुआ मिला।
चार दिन पहले हुई थी हत्या की आशंका
पुलिस को शक है कि दोनों की हत्या चार से पांच दिन पहले की गई है। कमरे में रखी अलमारियां खुली थीं और सामान बिखरा पड़ा था, जिससे लूट की घटना की पुष्टि होती है।
कैसे खुला मामला
काजल और देव, मैनपुरी के किशनी क्षेत्र के रहने वाले थे और एक महीने पहले ही योगेंद्र विहार स्थित पूर्व सैनिक अभिमन्यु सिंह के मकान में किराए पर आए थे। पास के कमरे में किन्नर देविका रहती है।
पिछले चार दिनों से काजल अपनी मां गुड्डी का फोन नहीं उठा रही थी। चिंता होने पर गुड्डी शनिवार शाम करीब 7 बजे घर पहुंचीं। दरवाजे पर ताला लटका देखकर उन्होंने बेटे देव को कॉल किया, लेकिन फोन की घंटी कमरे के अंदर बजने लगी। शक होने पर उन्होंने मकान के केयरटेकर पप्पू को बुलाया और पुलिस को सूचना दी।
दरवाजा खुलते ही तेज दुर्गंध फैल गई। कमरे के अंदर जाकर देखा तो देव का शव बेड के पास और काजल का शव बेड के अंदर मिला।
करीबी पर हत्या का शक
फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत इकट्ठा किए और पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या का शक काजल के किसी नजदीकी व्यक्ति पर है। लूट के बाद दोनों की हत्या कर शवों को कमरे में बंद कर दिया गया। घर से कुछ सामान और काजल का मोबाइल भी गायब है।
देविका ने जताया दो युवकों पर शक
साथ के कमरे में रहने वाली किन्नर देविका ने पुलिस को बताया कि दो युवक अक्सर काजल के कमरे में आते-जाते थे और उसी पर उन्हें शक है।
डांस कर चलाते थे खर्चा
जानकारी के मुताबिक, काजल और देव ऑर्केस्ट्रा पार्टी में डांस कर रोजी-रोटी कमाते थे और शादियों व अन्य आयोजनों में प्रदर्शन करते थे। फिलहाल, पुलिस ने तीन सदस्यीय टीम बनाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।










