वाराणसी: चौक थाना क्षेत्र में स्थित संकठा माता मंदिर के पास आत्मा विश्वेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार रात पूजा-अर्चना के दौरान अचानक आग लग गई। आग लगते ही मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में शिवांग मिश्रा (30), प्रीत (10), कृष्णा (6), सत्यम, प्रिंस, बैकुंठ समेत कई लोग झुलस गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से मंडलीय चिकित्सालय पहुंचाया गया।
रूई की सजावट बनी हादसे की वजह
मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे शिवम शर्मा ने बताया कि सावन की पूर्णिमा पर हर साल विशेष श्रृंगार और पूजन का आयोजन होता है। इस बार पूरे मंदिर और परिसर को रूई से सजाया गया था। रात करीब 8 बजे सप्तऋषि आरती के दौरान सजावट में लगी रूई में अचानक आग लग गई, जिसने कुछ ही सेकंड में विकराल रूप ले लिया।
आरती के दौरान 30 से अधिक लोग मौजूद थे
आग लगते समय मंदिर में पुजारी के साथ 30 से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद थे। जैसे-तैसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन इस दौरान कई लोग झुलस गए। मंदिर से उठते धुएं और आग की लपटें देखकर आसपास के लोग भी मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग
घटना की सूचना पाकर चौक थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की दमकल टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर रूई में लगी आग पर काबू पाया। रात करीब 9:40 बजे तक मंडलीय अस्पताल में घायलों का प्राथमिक इलाज जारी था।










