वोट चोरी के विरोध में विपक्ष का हंगामा : अखिलेश ने लगाई बैरेकेडिंग से छलांग, राहुल-प्रियंका समेत कई सासंद हिरासत में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के विरोध में विपक्षी दलों के सांसदों ने सोमवार को संसद से चुनाव आयोग तक पैदल मार्च किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया। पुलिस का कहना था कि इस मार्च की अनुमति नहीं दी गई थी। जब सांसद आगे बढ़ने पर अड़े रहे, तो पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।

300 से ज्यादा सांसद इस मार्च में शामिल हुए, जिसकी अगुवाई कांग्रेस सांसद राहुल गांधी कर रहे थे। इसमें सपा प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, शरद पवार, संजय सिंह, टीएमसी के अभिषेक बनर्जी समेत 25 से अधिक दलों के नेता मौजूद थे। मार्च संसद भवन के मकर द्वार से शुरू हुआ था और चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचना था।

अखिलेश यादव ने लगाई बैरिकेड पर छलांग

मार्च पीटीआई दफ्तर के सामने पहुंचते ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। इस पर अखिलेश यादव बैरिकेड पर चढ़ गए और दूसरी ओर छलांग लगाकर सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को रोकने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है।

प्रियंका गांधी का ताली बजाकर हौसला बढ़ाना

प्रियंका गांधी लगातार ताली बजाकर विपक्षी सांसदों का मनोबल बढ़ाती रहीं, जबकि राहुल गांधी मार्च का नेतृत्व करते हुए पुलिस से सीधे बहस करते नजर आए। ‘गली-गली में शोर है, चुनाव आयोग वोट चोर है’ जैसे नारे गूंजते रहे।

राहुल गांधी की हुंकार

हिरासत में लिए जाने के बाद राहुल गांधी ने कहा, “यह राजनीतिक नहीं बल्कि संविधान बचाने की लड़ाई है। यह एक व्यक्ति, एक वोट का मुद्दा है और हम साफ-सुथरी मतदाता सूची चाहते हैं।” उन्होंने दावा किया कि सत्ता पक्ष सच्चाई से डर रहा है और विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रहा है।

पुलिस की सफाई और नेताओं का आरोप


दिल्ली पुलिस ने कहा कि इस प्रदर्शन के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी। वहीं, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, कांग्रेस सांसद ज्योतिमणि और संजना जाटव बैरिकेड पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारे लगाती रहीं।

यह विरोध प्रदर्शन राहुल गांधी द्वारा हाल ही में मतदाता सूची में धांधली के आरोप लगाने के बाद आयोजित किया गया। राहुल का दावा है कि बेंगलुरु के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में 1,00,250 वोटों की हेराफेरी की गई, जबकि 2019 लोकसभा चुनाव में भाजपा ने यह सीट 32,707 वोटों से जीती थी।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें