लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 1857 की क्रांति की वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने रानी अवंतीबाई के साहस और बलिदान को याद करते हुए कहा कि सरकार को उनके सम्मान में ठोस कदम उठाने चाहिए।
रानी अवंतीबाई को याद किया
अखिलेश यादव ने कहा कि रानी अवंतीबाई लोधी मध्य प्रदेश के रामगढ़ की वीरांगना थीं, जिन्होंने 1857 की आज़ादी की लड़ाई में अंग्रेजों के खिलाफ बहादुरी से संघर्ष किया। उनकी जयंती पर आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और श्रद्धांजलि दी।
BJP पर जमकर हमला
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखे वार किए। उन्होंने कहा कि BJP की असली सोच सिर्फ सत्ता पर काबिज रहना है, उनके पास कोई ठोस विचारधारा नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सड़कों और एक्सप्रेसवे के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, जिसके चलते जगह-जगह गड्ढे और टूटी सड़कें देखने को मिल रही हैं। साथ ही उन्होंने 15 अगस्त के मौके पर लाल किले से दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए कहा कि “BJP नेता झूठ बोलने में पीछे नहीं रहते, यहां तक कि लाल किले से भी गलत दावे कर रहे थे।”
चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चाहे लोकसभा चुनाव हों या विधानसभा, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठते रहे हैं। आयोग का दायित्व है कि वह जनता का भरोसा बनाए रखे, लेकिन मौजूदा हालात में लोगों के मन में संदेह पैदा हो रहा है।
उन्होंने ईवीएम को लेकर भी चिंता जताई और जर्मनी व अमेरिका के उदाहरण देते हुए कहा कि “तकनीक इतनी मज़बूत होनी चाहिए कि किसी भी तरह की गड़बड़ी की गुंजाइश न बचे।”










