वाराणसी-मिर्जापुर मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सिकिया गांव के पास हुई, जहां अनियंत्रित ट्रेलर ने दोनों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक ट्रेलर को पास के पेट्रोल पंप पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कैसे हुआ हादसा
चंदौली जिले के नेगुरा गांव निवासी रुची सिंह (39) पत्नी विजय सिंह अपने बेटे कुलदीप सिंह (18) के साथ अदलहाट थाना क्षेत्र के घरवासपुर जाने के लिए सिकिया मोड़ पर खड़ी थीं। तभी वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और दोनों उसकी चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मां और बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही नारायनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के भाई आशीष सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। चौकी प्रभारी अजय मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
रुची सिंह के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा आदित्य बाहर रहकर काम करता है जबकि छोटा बेटा कुलदीप कक्षा 12 का छात्र था। पति विजय सिंह मुंबई में नौकरी करते हैं और घटना की खबर सुनते ही वहां से रवाना हो गए। इस घटना के बाद से गांव और परिवार में कोहराम मच गया है। मायका और ससुराल पक्ष के लोग भी बड़ी संख्या में नारायनपुर चौकी पहुंच गए।










