उत्तर प्रदेश में पिछले चार दिनों से बारिश थमने के कारण उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (21 अगस्त) भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। हालांकि 22 अगस्त से राज्य के कई हिस्सों में मौसम करवट लेगा और झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा।
बीते बुधवार को राजधानी लखनऊ में दोपहर के समय थोड़ी देर तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। वहीं, नोएडा और गाजियाबाद में गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया।
पूर्वी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि बलिया, आजमगढ़, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र जिलों में 22 से 25 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है।
पश्चिमी यूपी में बरसेगा पानी
मेरठ, सहारनपुर, बुलंदशहर और शामली जैसे जिलों में 23 से 26 अगस्त तक झमाझम बारिश के आसार हैं। यहां कई जगह भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
कब-कहां होगी बारिश?
-
21 अगस्त: पूर्वी यूपी के कई इलाकों और पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश व गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
-
22 अगस्त: पश्चिमी यूपी के अधिकतर और पूर्वी यूपी के लगभग सभी जिलों में तेज बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट भी है।
-
23 अगस्त: प्रदेश के दोनों हिस्सों में अधिकांश जगह बारिश होगी।
-
24 और 25 अगस्त: राज्य के लगभग सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है।
-
26 अगस्त: पश्चिमी व पूर्वी यूपी के कई हिस्से बारिश से तर होंगे, इस दौरान पश्चिमी यूपी में भारी बारिश का अलर्ट जारी है।
क्यों थमी थी बारिश?
पिछले कुछ दिनों से पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बने दो निम्न दबाव क्षेत्रों और उनके असर से मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ गई थी। इसके चलते प्रदेश के कई जिलों में बारिश कम हो गई। अब इन दबाव तंत्रों के कमजोर होने और बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से नमी वाली हवाओं के आने की वजह से यूपी में मानसून फिर से सक्रिय होने जा रहा है।










