वाराणसी। सिगरा इलाके के तुलसी उद्यान के पास शनिवार रात चौंकाने वाली घटना सामने आई। यहां सड़क किनारे मेज लगाकर खुलेआम गांजा बेचा जा रहा था, जबकि पुलिस को इसकी भनक तक नहीं थी। गांजा बिक्री का खुलासा किसी आम नागरिक ने नहीं, बल्कि खुद कैंट क्षेत्र के भाजपा विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने मौके पर मौजूद दो युवकों को पकड़ लिया और उनके पास से 18 पैकेट गांजा बरामद किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विधायक जब वहां पहुंचे तो कई लोग मौके से भाग खड़े हुए। उस समय कुछ युवक गांजा पीते भी देखे गए। थाना-चौकी से चंद कदम की दूरी पर हो रही इस अवैध बिक्री को देखकर विधायक खासे नाराज़ हुए।
सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें कई दिनों से इस तरह की गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। जब वह शनिवार शाम खुद पहुंचे तो मामला सच निकला। उन्होंने तुरंत पुलिस को बुलाकर दोनों युवकों को उनके हवाले कर दिया और संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।










