अगस्त का अंतिम सप्ताह उत्तर प्रदेश के लिए बारिश भरा रहने वाला है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि राज्य में मॉनसून एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। रविवार, 24 अगस्त को यूपी के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। शनिवार को भी नोएडा समेत कई शहरों में जमकर बारिश हुई थी।
मौसम विभाग ने आज 40 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, जालौन, कानपुर, औरैया, कन्नौज, उन्नाव, अमेठी, रायबरेली, अयोध्या, गोंडा, सुल्तानपुर, बांदा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और बिजनौर शामिल हैं।
इन जिलों में बारिश के साथ-साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वहीं, 60 से अधिक जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बादलों की गरज सुनाई देने के आसार हैं।
नोएडा और गाजियाबाद में भी आज मौसम खुशनुमा रहेगा। नोएडा में तेज बारिश की संभावना है, जबकि गाजियाबाद में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। बारिश की वजह से पूरे प्रदेश में अगले 2 से 3 दिनों के दौरान तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है।
पिछले 24 घंटों के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश आफत बनकर बरसी है, जिससे सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं आज लखनऊ में भी बादलों का जमावड़ा रहेगा और यहां भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।










