चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास, कहा- भारतीय जर्सी पहनना सबसे बड़ा सम्मान था

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारतीय क्रिकेट के धैर्यवान बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। अपने फैसले को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। पुजारा ने लिखा, “भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना और हर बार मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करना, इन अनुभवों को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। लेकिन हर अच्छी चीज का अंत होता है। मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है।”

पुजारा ने अपने पोस्ट में अपने सफर को याद करते हुए बताया कि राजकोट के छोटे से कस्बे से एक छोटे से लड़के के रूप में उनके माता-पिता के साथ उन्होंने सितारों को निशाना बनाने और भारतीय टीम में शामिल होने का सपना देखा था। उन्होंने कहा, “तब मुझे अंदाज़ा भी नहीं था कि यह खेल मुझे इतने अनुभव, अवसर और प्यार देगा। सबसे बड़ी बात यह कि मुझे अपने राज्य और देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला।”

पुजारा ने बीसीसीआई और सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन के समर्थन के लिए धन्यवाद किया और उन सभी टीमों, फ्रैंचाइज़ियों और काउंटी टीमों का भी आभार व्यक्त किया जिनका उन्होंने लंबे समय तक प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अपने कोचों का भी शुक्रिया अदा किया।

अपनी यात्रा में मिले फैंस का भी पुजारा ने धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, “खेल के कारण मैं दुनियाभर में गया और हर जगह प्रशंसकों का जोशीला समर्थन मेरे साथ रहा। इसका मैं हमेशा आभारी रहूंगा।”

पुजारा ने परिवार का भी जिक्र किया और कहा कि उनके माता-पिता, पत्नी पूजा, बेटी अदिति, ससुराल और बाकी परिवार के सहयोग ने उनके सफर को सार्थक बनाया। उन्होंने आगे लिखा, “मैं अगले पड़ाव का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”

अंतर्राष्ट्रीय करियर:

37 वर्षीय पुजारा ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 103 टेस्ट और 5 वनडे मैच खेले। उन्होंने टेस्ट में 176 पारियों में 7195 रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उनके टेस्ट करियर को शानदार माना जाता है, हालांकि पिछले कुछ समय से वह टीम में नियमित स्थान नहीं बना पा रहे थे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें