गोरखपुर: जनता दर्शन में CM Yogi ने सुनी लोगों की समस्याएं, अफसरों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचे और करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। सीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जन समस्याओं का समाधान पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से किया जाए और इसमें किसी भी प्रकार की हीलाहवाली न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की हर समस्या का समाधान गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिपरक होना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

गंभीर बीमारियों के इलाज में मिलेगी मदद

जनता दर्शन में बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे थे, जिन्होंने गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर सीएम योगी ने आश्वासन दिया कि सरकार इलाज में हरसंभव मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज से जुड़े खर्च का आकलन (Estimate) शीघ्र तैयार कर शासन को उपलब्ध कराया जाए ताकि समय पर सहायता दी जा सके।

जमीन कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने अफसरों से कहा कि किसी भी पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले या कमजोरों को बेदखल करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

जनता से सीधा संवाद

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री खुद लोगों के बीच जाकर बैठे और एक-एक करके उनकी बात सुनी। आगरा से आई एक महिला ने आवास की समस्या बताई तो सीएम ने भरोसा दिलाया कि उसे सरकारी योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को आशीर्वाद देने के साथ चॉकलेट भी खिलाई और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें