उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा क्षेत्र में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। घटना नेशनल हाईवे-34 पर अरनिया थाना क्षेत्र के घटाल गांव के पास हुई, जहां तेज रफ्तार कंटेनर ने श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि करीब 45 श्रद्धालु घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
हादसे का विवरण
जानकारी के मुताबिक, कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र के रफातपुर और मिलकिनिया गांव के लगभग 60 श्रद्धालु रविवार शाम राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले स्थित गोगामेडी मंदिर में जात लगाने जा रहे थे। सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे। देर रात करीब 2:15 बजे घटाल गांव के पास कंटेनर ने ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर पलट गया और लोग सड़क पर बिखर गए।
राहत और बचाव कार्य
हादसे के तुरंत बाद पुलिस टीम, एंबुलेंस और ग्रामीणों की मदद से घायलों को पास के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
-
कैलाश अस्पताल में 29 श्रद्धालु
-
मुनी सीएचसी में 18 श्रद्धालु
-
जटिया अस्पताल में 10 श्रद्धालु भर्ती हुए।
चिकित्सकों ने कैलाश अस्पताल में दो बच्चों समेत छह लोगों को मृत घोषित किया, जबकि मुनी सीएचसी में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई। बाकी घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों में शामिल हैं:
-
ईयू बाबू (40 वर्ष), निवासी मिलकिनिया
-
रामबेटी (65 वर्ष), निवासी रफातपुर
-
चांदनी (12 वर्ष), निवासी रफातपुर
-
घनीराम (40 वर्ष), निवासी मिलकिनिया
-
मोक्षी (40 वर्ष), निवासी मिलकिनिया
-
शिवांश (6 वर्ष), निवासी मिलकिनिया
-
योगेश (50 वर्ष), निवासी रफातपुर
-
विनोद (45 वर्ष), निवासी रफातपुर
प्रशासन की कार्रवाई
मौके पर एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह, एसपी क्राइम शंकर प्रसाद, एडीएम प्रमोद कुमार पांडेय, एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय और सीओ पूर्णिमा सिंह समेत चार थानों की पुलिस तैनात रही। हादसे में शामिल कंटेनर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।










