राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का BJP व चुनाव आयोग पर हमला, बोले- आंख मूंदे बैठा है…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अररिया, बिहार। बिहार के अररिया में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने दावा किया कि देशभर में “वोट चोरी” हो रही है, जबकि चुनाव आयोग इस पर आंख मूंदे बैठा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि आयोग अब “गोदी आयोग” बन गया है और बीजेपी का कार्यकर्ता जैसा बर्ताव कर रहा है।

राहुल गांधी का आरोप – “करोड़ों लोग मानते हैं कि वोट चोरी हो रही है”

राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक, महाराष्ट्र और हरियाणा में कांग्रेस को मतदाता सूची तक उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने बताया कि उनकी यात्रा के दौरान छोटे बच्चे भी नारे लगा रहे हैं – “वोट चोर गद्दी छोड़”। राहुल ने तंज करते हुए कहा, “अगर चुनाव आयोग इन बच्चों से बात कर ले, तो सच्चाई खुद सामने आ जाएगी।”

राहुल ने सवाल उठाया, “कर्नाटक के महादेवापुरा में 1 लाख फर्जी वोटर कहां से आए? हमने डेटा दिया, लेकिन आयोग का जवाब आज तक नहीं आया। उल्टा मुझसे एफिडेविट मांगा गया, जबकि बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने भी यही मुद्दा उठाया था, उनसे कोई एफिडेविट नहीं मांगा गया।” उन्होंने कहा कि यह साबित करता है कि आयोग निष्पक्ष नहीं है और “BJP-चुनाव आयोग की साझेदारी” के तहत संस्थागत वोट चोरी हो रही है।

तेजस्वी यादव का बयान – “चुनाव आयोग बना बीजेपी का प्रवक्ता”

तेजस्वी यादव ने कहा, “चुनाव आयोग अब पूरी तरह से निष्पक्षता खो चुका है और बीजेपी का प्रवक्ता बनकर काम कर रहा है। जब पीएम बिहार आए तो घुसपैठियों की बात की, लेकिन चुनाव आयोग की रिपोर्ट में एक भी घुसपैठिए का जिक्र नहीं है। यह सिर्फ जनता को गुमराह करने की राजनीति है।”

मुकेश सहनी ने कहा – “वोट ही सबसे बड़ा हथियार”

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा कि वह पूरे बिहार में लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारी असली ताकत वोट है। जब तक वोट का अधिकार रहेगा, समाज में बराबरी बनी रहेगी।”

भाकपा माले का आरोप – “आयोग ने जिम्मेदारी दलों पर डाली”

भाकपा माले महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई में यह साफ हो गया है कि चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रहा है। “BLA की जिम्मेदारी आयोग की थी, लेकिन अब यह बोझ राजनीतिक दलों पर डाल दिया गया। सबसे ज्यादा BLA बीजेपी के पास हैं, फिर भी उनकी ओर से कोई शिकायत नहीं आई। इसका मतलब है कि वोट चोरी का असर विपक्ष पर पड़ा, बीजेपी पर नहीं।”

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें