लखनऊ में अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला का हुआ सम्मान, CM Yogi ने उनके नाम पर स्कॉलरशिप योजना का किया ऐलान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ के लोकभवन में अंतरिक्ष मिशन से लौटे वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश सरकार उनके नाम पर एक नई स्कॉलरशिप योजना शुरू करेगी।

सीएम योगी ने कहा कि शुभांशु शुक्ला की इस उपलब्धि से न सिर्फ प्रदेश बल्कि पूरे देश का मान बढ़ा है और दुनिया ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत की ताकत को महसूस किया है।

चार दशक बाद मिला यह अवसर– योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री ने कहा, “लगभग 40 साल बाद भारत के किसी सदस्य को अंतरिक्ष जाने का अवसर मिला है। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि यह उपलब्धि लखनऊ में जन्मे और पले-बढ़े शुभांशु शुक्ला को हासिल हुई।”

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ साल पहले तक उत्तर प्रदेश के किसी भी विश्वविद्यालय या संस्थान में स्पेस टेक्नोलॉजी से जुड़ा कोई कोर्स या सिलेबस नहीं था, लेकिन अब स्थिति बदल रही है और आने वाले समय में इस क्षेत्र में युवाओं के लिए कई अवसर उपलब्ध होंगे।

लखनऊ में 2000 से ज्यादा सेल्फी ली– शुभांशु शुक्ला

कार्यक्रम के दौरान शुभांशु शुक्ला ने उत्साह जाहिर करते हुए कहा, “आज जब से लखनऊ आया हूं, करीब 2000 से ज्यादा लोगों के साथ सेल्फी ली। सचमुच यह एहसास कराया कि लखनऊ आने का मतलब मुस्कुराना है। दिल्ली से लखनऊ तक लोगों का जो उत्साह और जोश मैंने देखा, वह अविस्मरणीय है। इस बार का स्पेस डे मेरे लिए बेहद खास रहा।”

इसरो अध्यक्ष ने भी दी शुभकामनाएं

इस मौके पर इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन ने भी शुभांशु शुक्ला को बधाई दी। उन्होंने कहा, “शुभांशु शुक्ला अंतरिक्ष गए और सुरक्षित लौटे। उन्होंने बेहतरीन काम किया है। गगनयान मिशन के सभी चार अंतरिक्ष यात्री बधाई के पात्र हैं। हालांकि उड़ान भरने का मौका सिर्फ एक को मिला और वह सौभाग्य शुभांशु शुक्ला को प्राप्त हुआ। मैं उन्हें इस अद्भुत उपलब्धि पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें