BHU कैंपस में देर रात बवाल : IIT और बिरला हॉस्टल छात्रों में भिड़ंत, 3 घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) कैंपस में रविवार देर रात बड़ा हंगामा हो गया। रात करीब 11 बजे बैरियर से निकलने को लेकर IIT-BHU और बिरला हॉस्टल के छात्रों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की हुई और मामला मारपीट व पत्थरबाजी तक पहुंच गया।

इस झगड़े में बिरला हॉस्टल के बाहर खड़ी कई गाड़ियों को छात्रों ने तोड़फोड़ कर दिया। झड़प में IIT के तीन छात्र घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड मौके पर पहुंचे और किसी तरह हालात काबू में किए।

तनाव बढ़ने पर देर रात बड़ी संख्या में IIT के छात्र डायरेक्टर ऑफिस के बाहर जमा होकर धरने पर बैठ गए। तड़के करीब 4 बजे IIT डायरेक्टर अमित पात्रा और भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और छात्रों को शांत कराया। फिलहाल कैंपस में अतिरिक्त सुरक्षा तैनात कर दी गई है और छात्रों को हॉस्टल से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

बैरियर विवाद की जड़

पिछले साल IIT-BHU की एक छात्रा से गैंगरेप की वारदात के बाद कैंपस में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। इसके तहत कई जगह बैरियर लगाए गए हैं, जहां रात 10 बजे के बाद आवाजाही पर रोक है। IIT प्रशासन का कहना है कि यह कदम छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है, जबकि BHU के कुछ छात्र इसे असुविधाजनक मानते हुए विरोध कर रहे हैं।

छात्रों की मांगें

डायरेक्टर के सामने छात्रों ने तीन प्रमुख मांगें रखीं:

  1. IIT कैंपस की सुरक्षा और कड़ी की जाए।

  2. घायल छात्रों को बेहतर इलाज मिले।

  3. मारपीट करने वाले छात्रों पर सख्त कार्रवाई हो।

पुलिस का बयान

एसीपी गौरव कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाकर हॉस्टल भेज दिया गया है। पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें