शिक्षक दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों के लिए कई अहम घोषणाएँ कीं। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के सभी शिक्षक कैशलेस इलाज की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसमें प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, वित्त पोषित और अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक शामिल होंगे।
इसके साथ ही सीएम योगी ने शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाने की भी घोषणा की। इसके लिए एक समिति बनाई जाएगी। सीएम योगी के अनुसार, इस फैसले से लगभग 9 लाख परिवारों को फायदा होगा।
सभी शिक्षकों को मिलेगा कैशलेस इलाज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय, अशासकीय महाविद्यालय और स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षक भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। अब किसी भी शिक्षक को इलाज के लिए आर्थिक बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
यूपी को ‘बीमारू राज्य’ से ‘विकास का इंजन’ बनाया
कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी ‘बीमारू राज्य’ कहलाता था, आज वही भारत की विकास यात्रा का इंजन बन गया है। उन्होंने कहा कि 8 साल पहले जिनके हाथों में सत्ता थी, वे राज्य के लिए कुछ खास नहीं कर पाए।
पहले क्यों छात्राएं छोड़ देती थीं स्कूल?
सीएम योगी ने कहा कि पहले छात्राएं स्कूलों से पढ़ाई बीच में ही छोड़ देती थीं, क्योंकि वहां अलग शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था नहीं थी। अब सरकार ने राज्य के 1.36 लाख स्कूलों में शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की है। साथ ही, स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय जैसी सुविधाएँ भी जोड़ी जा रही हैं।










