उत्तर प्रदेश में एक बार फिर से गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। बीते दिनों तक जारी बारिश का सिलसिला थमते ही तापमान चढ़ने लगा है। नतीजा यह है कि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में उमस और तपिश से लोग बेहाल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटे तक यही हालात बने रहेंगे और तेज धूप के बीच गर्म हवाएं लोगों को झुलसाती रहेंगी।
हालांकि, राहत की खबर यह है कि 10 सितंबर के बाद मौसम करवट लेगा और 11 सितंबर से मानसून दोबारा सक्रिय होने के आसार हैं।
बीते 24 घंटे का हाल
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि पिछले 24 घंटों में यूपी के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मगर कई मंडलों में पारा बढ़ा और गर्मी ने जोर पकड़ा। 8 सितंबर को भी मौसम का यही मिजाज रहने वाला है। विभाग ने आज के लिए न तो किसी बड़े अलर्ट और न ही बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। हालांकि, कुछ जगहों पर बादलों की आवाजाही के बीच हल्की फुहारें गिर सकती हैं।
लखनऊ और आसपास का मौसम
राजधानी लखनऊ में सोमवार को सुबह से ही तेज धूप रहेगी और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। शाम तक आसमान पर हल्के बादल जरूर दिखाई देंगे। यहां अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बाराबंकी, कानपुर, अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, अयोध्या, बस्ती, गोंडा और लखीमपुर खीरी में भी यही स्थिति बनी रहेगी।
नोएडा-गाजियाबाद और पश्चिम यूपी
नोएडा और गाजियाबाद में भी सोमवार को गर्मी का असर साफ दिखेगा। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, शामली, रामपुर और बरेली जैसे जिलों में भी तेज धूप और उमस बनी रहेगी।
पूर्वांचल में आंशिक राहत
पूर्वांचल के कई जिलों जैसे वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, जौनपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, कुशीनगर और सोनभद्र में बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हो सकती है, लेकिन इसका तापमान पर खास असर नहीं पड़ेगा।
11 सितंबर से बरसेगा मानसून
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 11 सितंबर से मानसून एक बार फिर सक्रिय होगा। शुरुआत में पूर्वी यूपी में बारिश होगी और इसके बाद पश्चिमी हिस्सों में भी बादल बरसेंगे। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।










