वाराणसी। साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को जाल में फंसा रहे हैं। हाल ही में फेसबुक पर टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड की सुपर डिस्ट्रीब्यूटरशिप का झांसा देकर ठगों ने एक युवक से 4.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। वहीं, डॉक्टर से 2.50 लाख रुपये और गैराज संचालक से 75 हजार रुपये उड़ा लिए गए। सभी मामलों में पीड़ितों ने साइबर सेल और संबंधित थानों में शिकायत दर्ज कराई है।
फेसबुक विज्ञापन से लगी चपत
अर्दली बाजार निवासी शिवम श्रीवास्तव ने बताया कि 26 दिसंबर 2024 को फेसबुक पर टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट लिमिटेड की सुपर डिस्ट्रीब्यूटरशिप का विज्ञापन देखा। 9 जनवरी 2025 को कंपनी के नाम से एक एग्रीमेंट हुआ और सुपर डिस्ट्रीब्यूटरशिप के लिए 4.50 लाख रुपये यूपीआई से जमा करवाए गए। ठगों ने एक सप्ताह में स्टाफ भेजकर निरीक्षण कराने का वादा किया, लेकिन न तो कोई आया और न ही आगे संपर्क हो सका। कई बार कॉल करने की कोशिश करने पर ठगों ने नंबर ब्लॉक कर दिया। शिवम ने कैंट थाने और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। साइबर पोर्टल पर भी 22 मार्च 2025 को एफआईआर दर्ज कराई गई, जिसका स्टेटस अभी लंबित है।
डॉक्टर से 2.50 लाख की धोखाधड़ी
रोहनिया थाना क्षेत्र के डॉ. बृज भूषण सिंह के बैंक खाते से 20 से 22 अगस्त 2025 के बीच बिना अनुमति के यूपीआई के जरिये 2.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए गए। पीड़ित ने इसकी सूचना राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल और स्थानीय थाने में दी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गैराज संचालक से उड़ाए 75 हजार
जंसा थाना क्षेत्र जलालपुर निवासी गैराज संचालक रंजीत पटेल के बैंक खाते से चार ट्रांजेक्शन में 75,880 रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने न तो किसी को ओटीपी बताया और न ही खाते की जानकारी साझा की। शिकायत पर जंसा पुलिस और साइबर सेल जांच कर रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर जालसाज सोशल मीडिया और बैंकिंग फ्रॉड के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर भरोसा न करें। किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।










