आज़मगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नौसहरा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक वारदात सामने आई। गांव के रहने वाले लोको पायलट दुर्गेश कुमार (27) की प्रेम प्रसंग के विवाद में बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मृतक के भाई अजीत कुमार की तहरीर पर छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार को हिरासत में लिया है।
रेलवे में कार्यरत था दुर्गेश
दुर्गेश कुमार वर्ष 2020 में गोरखपुर में लोको पायलट के पद पर भर्ती हुआ था। फिलहाल उसका स्थानांतरण भुसावल (महाराष्ट्र) हो गया था। वह 5 सितंबर को प्रतियोगी परीक्षा (PET) देने अपने घर आया था और शाहजहांपुर में परीक्षा देकर 7 सितंबर की सुबह लौटा था।
खेत में हमला, हालत बिगड़ी
रविवार की शाम वह अपने खेत की ओर गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उस पर डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान उसका मोबाइल भी छीन लिया गया। घायल अवस्था में दुर्गेश ने किसी और के फोन से बड़े भाई अजीत को कॉल कर बताया कि उसे बुरी तरह पीटा गया है। परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मरने से पहले बताए आरोपी
भाई अजीत कुमार ने बताया कि अस्पताल ले जाते समय दुर्गेश ने खुद बताया कि गणेश यादव, अजय यादव, श्रवण यादव, शेरू यादव, गोविंद यादव ने मिलकर उसे पीटा और जानेंद्र मिश्र ने उसे कोई दवा पिलाई थी।
परिजनों का प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर लौट रहे परिजनों ने जीयनपुर चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसीलदार शिव प्रकाश सरोज को मांगपत्र सौंपते हुए कहा कि 24 घंटे में सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी, एक करोड़ रुपये मुआवजा और सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस देने की मांग की।










