उत्तर प्रदेश का मौसम इन दिनों काफी बदला-बदला सा नजर आ रहा है। कभी हल्की बारिश हो रही है तो कभी अचानक धूप निकल आती है। कई बार धूप और बारिश दोनों साथ-साथ भी देखने को मिल रहे हैं। इसी बीच मौसम विभाग ने 9 सितंबर को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों और पूर्वी यूपी के कई जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना जताई है।
पूर्वी यूपी में अलर्ट
पश्चिमी यूपी में किसी तरह का अलर्ट नहीं जारी किया गया है, लेकिन पूर्वी यूपी के कई जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। इनमें सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया और देवरिया शामिल हैं। इसके अलावा गोरखपुर, संतकबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और गोंडा में भी यही हालात रहने के आसार हैं। बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत आसपास के जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इन इलाकों से अलग प्रदेश के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश और उमस बनी रह सकती है।
10 सितंबर तक हल्की बारिश, फिर बदलेगा मौसम
10 सितंबर को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है। हालांकि इस दिन भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
11 सितंबर से भारी बारिश का दौर
मौसम विभाग का कहना है कि 11 सितंबर से उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। शुरुआत में इसका असर तराई बेल्ट के जिलों में देखने को मिलेगा। 11 सितंबर को पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को भी प्रदेशभर के पश्चिमी और पूर्वी जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि अभी के लिए हल्की-फुल्की बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन 11 सितंबर से मौसम का रुख बदल जाएगा और कई जगहों पर तेज बारिश देखने को मिल सकती है।










