सहरसा में गैस सिलेंडर ब्लास्ट: कोचिंग जा रहे शिक्षक की मौत, एक घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार के सहरसा जिले में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के पासवान टोला स्थित राधा नगर वार्ड नंबर 17 में गैस सिलेंडर फटने से एक शिक्षक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान सुपौल जिले के भूलिया गांव निवासी सचिन कुमार के रूप में हुई है, जो सहरसा में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करने के साथ-साथ कोचिंग भी पढ़ाते थे।

ब्लास्ट से मचा हड़कंप, मौके पर पहुंची पुलिस

सुबह करीब 7:30 बजे हुए सिलेंडर ब्लास्ट के बाद पूरे मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की जानकारी सदर थाने को दी। इसके बाद थानाध्यक्ष सुबोध कुमार और एसडीपीओ आलोक कुमार दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और फिर घटनास्थल का मुआयना किया।

अवैध रिफिलिंग करता था खुर्शीद

जांच में सामने आया कि घायल हुआ मोहम्मद खुर्शीद अवैध तरीके से गैस सिलेंडर की रिफिलिंग और बिक्री करता था। हादसे के वक्त उसके घर के नीचे स्थित गोदाम में ब्लास्ट हुआ, जिससे गोदाम का शटर टूटकर सचिन कुमार पर गिर पड़ा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, खुर्शीद गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज निजी क्लिनिक में चल रहा है।

15 सिलेंडर बरामद, मकान मालिक भी झुलसे

मृतक के मकान मालिक के बेटे राजा मिश्रा ने बताया कि सचिन रोज की तरह कोचिंग पढ़ाने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मेडिकल ऑफिसर राहुल कुमार मिश्रा ने बताया कि गोदाम से करीब 15 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। वहीं, ब्लास्ट में गोदाम का मालिक और मकान मालिक भी झुलस गए हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की जांच

एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे हादसे की सूचना मिली थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और अवैध सिलेंडर कारोबार की गहन पड़ताल की जा रही है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें