नेपाल में जारी अशांति और आंतरिक विद्रोह को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और नेपाल से सटे इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। सरकार ने सीमाओं को सील करने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट्स पर भी नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की विशेष यूनिट हर पोस्ट की जांच कर रही है, और किसी भी भड़काऊ या संदिग्ध सामग्री पर तुरंत कार्रवाई होगी।
सीमावर्ती जिलों में सतर्कता बढ़ाई गई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को हालात पर पैनी नजर रखने और चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। वहीं, यूपी डीजीपी राजीव कृष्ण ने नेपाल सीमा से जुड़े सभी जिलों की पुलिस को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती हो चुकी है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत हस्तक्षेप किया जा सके।
सोशल मीडिया पर सख्त निगरानी
यूपी पुलिस मुख्यालय ने सोशल मीडिया पर बारीकी से नजर रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी संवेदनशील या भड़काऊ पोस्ट मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
फंसे भारतीयों के लिए कंट्रोल रूम
नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए विशेष नियंत्रण कक्ष (Control Room) स्थापित किया गया है। इसकी जिम्मेदारी एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस गश्त और निगरानी भी तेज कर दी गई है।
कंट्रोल रूम में 24 घंटे हेल्पलाइन और व्हाट्सएप नंबर सक्रिय रहेंगे, जिनके जरिए लोग सीधे मदद प्राप्त कर सकते हैं।
हेल्पलाइन नंबर:
📞 0522-2390257
📞 0522-2724010
📞 9454401674
📱 व्हाट्सएप: 9454401674










