UP Weather : यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 21 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

UP Weather : उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर असर दिखाने लगा है। हालांकि इसका प्रभाव पूरे प्रदेश में समान रूप से नहीं दिखाई देगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 12 सितंबर को पश्चिमी यूपी के उत्तरी हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं, पूर्वी यूपी के कई जिलों में भी बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश देखने को मिलेगी। लेकिन प्रदेश के करीब 60% हिस्सों में तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

इन जिलों में होगी भारी बारिश

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के 21 जिलों में बारिश का अनुमान है। इनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया और बलिया शामिल हैं। इस दौरान कई जगह बिजली गिरने का भी खतरा है, जिसे लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

लखनऊ और आसपास का मौसम

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को दिनभर धूप-छांव का दौर रहेगा। हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है। यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो दिन बाद बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। लखनऊ के अलावा अमेठी, रायबरेली, कानपुर, बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, हरदोई, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में आज उमस लोगों को ज्यादा परेशान करेगी।

नोएडा-गाजियाबाद और अन्य जिलों का हाल

दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में 12 सितंबर को आसमान साफ रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान करेगी। इसी तरह आगरा, अलीगढ़, मथुरा, मैनपुरी, इटावा और कन्नौज में भी मौसम गर्म और उमसभरा रहेगा।

कब मिलेगा राहतभरा मौसम?

मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि 48 घंटे बाद राज्य के कई हिस्सों में बारिश के बादलों की वापसी होगी, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें