नीतीश कुमार अपराध और भ्रष्टाचार के भीष्म पितामह, तेजस्वी यादव दुर्योधन…प्रशांत किशोर का तीखा प्रहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जन सुराज आंदोलन के संस्थापक प्रशांत किशोर (पीके) ने गुरुवार को आरजेडी नेता तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। पश्चिम चंपारण में आयोजित सभा के दौरान पीके ने कहा कि अगर नीतीश कुमार अपराध और भ्रष्टाचार के “भीष्म पितामह” हैं तो तेजस्वी यादव इसके “दुर्योधन” हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू-तेजस्वी की जोड़ी ने बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार को सामाजिक व्यवस्था का हिस्सा बना दिया और 15 साल तक राज्य को पीछे धकेला।

“तेजस्वी का भ्रष्टाचार पर बोलना मजाक”

प्रशांत किशोर ने कहा, “बिहार का हर नागरिक जानता है कि आरजेडी से ज्यादा भ्रष्ट और अपराधी मानसिकता वाले नेता राज्य में नहीं आए। लालू प्रसाद के 15 साल के शासन में बिहार गर्त में चला गया और तेजस्वी के उपमुख्यमंत्री रहते हालात और बिगड़ गए। तेजस्वी का भ्रष्टाचार पर भाषण देना वैसा ही है जैसे शेर लोगों को शाकाहारी बनने की सीख दे।”

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

गोपालगंज में ‘बिहार बदलाव यात्रा’ के दौरान प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लिया। राहुल गांधी ने हाल ही में कहा था कि उनके फोकस में प्रशांत किशोर नहीं हैं। इस पर जवाब देते हुए पीके ने कहा, “राहुल गांधी बड़े आदमी हैं, उनका ध्यान मोदी और देश की राजनीति पर है, न कि बिहार के युवाओं पर। वे प्रधानमंत्री परिवार से आते हैं, ऐसे में उनके फोकस में न बिहार आ सकता है और न ही प्रशांत किशोर। उन्हें तो सिर्फ लालू यादव के बेटे तेजस्वी की चिंता है, लेकिन मुझे बिहार के युवाओं से मतलब है।”

‘बिहार बदलाव यात्रा’ जारी

पीके ने गुरुवार को पश्चिम चंपारण और गोपालगंज में यात्रा के तहत जनसभाओं को संबोधित किया और युवाओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि उनका मकसद बिहार की राजनीति को अपराध और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें