मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने पत्नी संग अयोध्या में किए रामलला के दर्शन, सीएम योगी भी रहे साथ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मॉरीशस के प्रधानमंत्री, डॉ. नवीन चंद्र रामगुलाम, ने अपनी भारत यात्रा के दौरान शुक्रवार को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के बाद डॉ. रामगुलाम अयोध्या पहुंचे, जहां महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ परिवार के सदस्य और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। पारंपरिक रेड कार्पेट से उनका स्वागत किया गया, जिसमें अवध की संस्कृति की झलक देखने को मिली।

एयरपोर्ट से डॉ. रामगुलाम का काफिला सीधे राम जन्मभूमि मंदिर के लिए रवाना हुआ। मंदिर पहुंचकर उन्होंने अपनी पत्नी के साथ रामलला की आरती की और पूरे श्रद्धाभाव से दर्शन-पूजन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद थे। डॉ. रामगुलाम रामलला के दर्शन करने वाले दूसरे विदेशी प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले, 5 सितंबर को भूटान के प्रधानमंत्री दासो शेरिंग तोबगे ने रामलला के दर्शन किए थे।

डॉ. रामगुलाम ने राम मंदिर में लगभग डेढ़ घंटा बिताया। इस दौरान उन्होंने रामलला के साथ-साथ राजाराम का भी पूजन किया, मंदिर निर्माण का जायजा लिया और परिसर में स्थित जटायु और अंगद टीले पर जाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस यात्रा को भारत और मॉरीशस के बीच सांस्कृतिक और राजनयिक संबंधों को और मजबूत करने वाला माना जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण दौरे के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। एयरपोर्ट से मंदिर तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क थीं, और काफिले के दौरान यातायात रोक दिया गया था। डॉ. रामगुलाम अपनी आठ दिवसीय भारत यात्रा के तहत दोपहर एक बजे अयोध्या से देहरादून के लिए रवाना हो गए। उनकी यात्रा में मुंबई, वाराणसी और तिरुपति भी शामिल हैं।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें