प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन को लेकर बनाए गए एआई-जनरेटेड वीडियो पर राजनीति गर्मा गई है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भाजपा नेताओं संग मिलकर कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। यह वीडियो कांग्रेस की बिहार इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किया था।
गिरिराज सिंह ने इस एआई वीडियो को “दुखद और अपमानजनक” बताते हुए कहा कि कांग्रेस-आरजेडी गठबंधन ने पीएम मोदी की मां का अपमान किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एआई तकनीक के जरिए जबरदस्ती हल्की-फुल्की बातें कहलवाई गईं, जो बेहद घटिया काम है।
नेहरू-माउंटबेटन का एआई वीडियो बनाने की दी चुनौती
एएनआई से बातचीत में गिरिराज सिंह ने कांग्रेस को सीधी चुनौती देते हुए कहा, “अगर हम नेहरू और माउंटबेटन का एआई वीडियो बना दें तो कांग्रेस क्या जवाब देगी?”
इसके अलावा, उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि जवाहरलाल नेहरू निजी रिश्तों में उलझकर कई बार राष्ट्रीय हितों से समझौता करते रहे।
उन्होंने लिखा, “इतिहास गवाह है कि निर्णायक क्षणों में नेहरू देशहित से ज्यादा एडविना माउंटबेटन के मोह में बंधे रहे। उस समय भारत को मजबूत नेतृत्व की ज़रूरत थी, लेकिन निजी संबंधों ने राष्ट्रीय हितों को बार-बार नुकसान पहुंचाया।”
पीयूष गोयल ने भी कांग्रेस पर साधा हमला
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि जनता द्वारा लगातार नकारे जाने से हताश कांग्रेस अब “नीचता के नए रिकॉर्ड” बना रही है।
दरअसल, कांग्रेस की बिहार यूनिट ने पीएम मोदी का एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वे अपनी मां हीराबेन से जुड़े सपने देखते हुए दिखाए गए। इस वीडियो के जरिए कांग्रेस ने पीएम मोदी की राजनीति पर व्यंग्य किया, जिसके बाद भाजपा नेताओं की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई।










