प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को असम दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा भारत विरोधी ताकतों के साथ खड़ी रही है और वोट बैंक की राजनीति के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देती आई है। पीएम मोदी ने कहा कि आज बीजेपी सरकार मिशन मोड में घुसपैठ रोकने के लिए काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने असम में 18,530 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले कई बुनियादी ढांचा और औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करने की घोषणा की।
“कांग्रेस का एजेंडा था पाकिस्तान का झूठ”
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब देश आतंकवाद की घटनाओं से कराह रहा था। ऑपरेशन सिंदूर के समय भी कांग्रेस पाकिस्तान की सेना के साथ खड़ी थी। पाकिस्तान का झूठ कांग्रेस का एजेंडा बन जाता था।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सुनियोजित तरीके से वोट बैंक के लिए घुसपैठ करवाई। मोदी ने बताया कि असम की हेमंता बिस्वा सरमा सरकार ने लाखों बीघा जमीन को घुसपैठियों से मुक्त कराया है।
“स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें”
पीएम मोदी ने जनता से अपील की कि खरीदारी में स्वदेशी उत्पादों को तरजीह दें। उन्होंने कहा, “जो भी खरीदो, स्वदेशी खरीदो। किसी को उपहार दो, तो वह मेड इन इंडिया होना चाहिए, उसमें भारत की मिट्टी की खुशबू होनी चाहिए।”
कांग्रेस पर सांस्कृतिक अपमान का आरोप
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर असम के महान गायक और कलाकार भूपेन हजारिका का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने याद दिलाया कि जब उन्हें भारत रत्न दिया गया था, तो कांग्रेस अध्यक्ष ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि “मोदी नाचने-गाने वालों को भारत रत्न दे रहा है।”
“असम विकास की नई राह पर”
पीएम मोदी ने कहा कि मां कामाख्या के आशीर्वाद से ऑपरेशन सिंदूर सफल हुआ और अब असम विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि हाल के पंचायत चुनावों में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत इस बात का प्रमाण है कि लोग डबल इंजन सरकार से खुश हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और पूर्वोत्तर, विशेषकर असम, विकास यात्रा में अहम भूमिका निभा रहा है।










