जौनपुर जिले के मुंगरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र के रामनगर में शनिवार देर रात बदमाशों ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को गोलियों से छलनी कर दिया। दोनों भाई बाजार से घर लौट रहे थे। हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
व्यापार से जुड़े थे दोनों भाई
मझगांवा गांव निवासी शाहजहां (60) और उनके छोटे भाई जहांगीर (45) व्यापारी थे। शनिवार रात दोनों भाई बाइक से मुंगरा बादशाहपुर गए थे। वहां से घर लौटते समय रात करीब 10 बजे जैसे ही रामनगर के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
मौके पर मौत, दूसरा भाई भी रास्ते में दम तोड़ा
गोलियों की बौछार से शाहजहां की मौके पर ही मौत हो गई। जहांगीर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी भी मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी
वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बदमाश बाइक से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है और हमलावरों की तलाश में जुट गई है।










