उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव शुक्रवार को सुल्तानपुर पहुंचीं। यहां उन्होंने जिला जेल का निरीक्षण किया और महिला बंदियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि जेल में पुस्तकालय बनाया जा रहा है और वे उसमें पुस्तकें उपलब्ध कराएंगी। अपनी मां पर दर्ज मुकदमे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने केवल “नो कमेंट” कहकर बात टाल दी।
राहुल गांधी पर तीखा हमला
अपर्णा यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया “हाइड्रोजन बम” बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “वोट चोरी करना या न करना अलग बात है, लेकिन कांग्रेस से ज्यादा वोट चोरी किसने की है? बोफोर्स घोटाले की सच्चाई जाननी है तो गूगल पर सर्च कर लीजिए, सब सामने आ जाएगा।”
पीएम मोदी की तारीफ
अपर्णा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री ने आतंकवादियों की नींद हराम कर दी है। आज राष्ट्र विरोधियों की स्थिति यह है कि उनकी रातें बेचैनी में गुजर रही हैं।”
“अनाप-शनाप बोलने से राजनीति नहीं चमकेगी”
राहुल गांधी की शैली पर कटाक्ष करते हुए अपर्णा बोलीं, “राहुल अजीब तरीके से बातें करते हैं। प्रधानमंत्री की तारीफ करने की बजाय वह बेकार के बयानबाजी करते हैं। सरकारी एजेंसियों के खिलाफ बेवजह बोलने से उनकी राजनीति चमकने वाली नहीं है। वे इतने बड़े राजनीतिक परिवार से आते हैं, लंबे समय से राजनीति में हैं, फिर भी इस तरह के बयान समझ से परे हैं।”










