सोनभद्र में स्कूल पर गिरी आसमानी बिजली, दो छात्रों की मौत, दो छात्राएं घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के कोटा गांव में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। निजी स्कूल पर गिरी आसमानी बिजली से दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि दो छात्राएं गंभीर रूप से झुलस गईं। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जिनमें से एक छात्रा को हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

कैसे हुआ हादसा

कोटा गांव के नौटोलिया स्थित ब्रह्मदेव पब्लिक स्कूल में शुक्रवार दोपहर कक्षाएं चल रही थी। अचानक बारिश के साथ तेज गरज-चमक हुई और बिजली स्कूल पर गिर पड़ी। इससे कक्षा-3 का छात्र अरविंद (08), कक्षा-9 का छात्र दीपक (13) और दो छात्राएं सोनमति (16) व रेखा (15) झुलस गए।

तेज धमाके से स्कूल में अफरातफरी मच गई और बच्चे सहम गए। आनन-फानन में झुलसे विद्यार्थियों को चोपन सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अरविंद और दीपक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, रेखा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।

चोपन थाना प्रभारी कुमुद शेखर सिंह मौके पर पहुंचे और अस्पताल में घटना की जानकारी ली। दोनों मृत छात्रों के शव कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

गांव में दहशत, एक और मौत

इसी दौरान चोपन क्षेत्र के पतगड़ी गांव में भी आसमानी बिजली ने एक और जिंदगी छीन ली। यहां 50 वर्षीय सर्वजीत की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें