अनुप्रिया पटेल का राहुल गांधी पर हमला, बोली- हाइड्रोजन बम फूटेगा, लेकिन ऐसा…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

केंद्रीय मंत्री और अपना दल (एस) की नेता अनुप्रिया पटेल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हालिया बयानों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेता अक्सर बड़े दावे करते हैं, लेकिन उनके बयान वास्तविकता से मेल नहीं खाते। अनुप्रिया ने उदाहरण देते हुए कहा, “राहुल गांधी कहते हैं कि भूकंप आएगा, लेकिन ऐसा नहीं होता। हाइड्रोजन बम फूटेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ऐसे गैरजिम्मेदाराना बयान उनकी विश्वसनीयता को कमजोर करते हैं।”

मिर्जापुर में अमृत फार्मेसी का शुभारंभ

शनिवार को अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर के मंडलीय अस्पताल परिसर में जिले की पहली अमृत फार्मेसी का उद्घाटन करने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि यहां कैंसर और हृदय रोग सहित लगभग 6,500 बीमारियों की दवाइयां और सर्जिकल उपकरण बाजार की तुलना में 50-70% तक सस्ते दामों पर उपलब्ध होंगे। गंभीर बीमारियों के लिए उपयोग होने वाली ब्रांडेड दवाएं भी किफायती दरों पर मिलेंगी।

“राहुल गांधी, संस्थाओं पर आरोप लगाने से बचें”

मीडिया से बातचीत में अनुप्रिया पटेल ने कहा, “राहुल गांधी विपक्ष के वरिष्ठ नेता हैं, इसलिए उन्हें अपने बयानों में जिम्मेदारी दिखानी चाहिए। चुनाव आयोग द्वारा मांगे गए दस्तावेज देने की बजाय वे संवैधानिक संस्थाओं पर बिना सबूत आरोप लगाते हैं। यह किसी भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए सही नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता ऐसे आरोपों में नहीं आएगी और राहुल गांधी को सोच-समझकर, जिम्मेदारी के साथ बयान देने की सलाह दी।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति

इस अवसर पर छानबे विधायक रिंकी कोल, कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष जगदीश सिंह पटेल, बीजेपी जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, और अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष राम लोटन बिंद सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें