बरेली हिंसा : मौलाना तौकीर रजा गिरफ्तार, 14 दिन के लिए भेजा गया जेल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार को हुई हिंसा के मामले में इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद भीड़ ने पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की करने की कोशिश की थी। इस प्रकरण में अब तक 10 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जिनमें से 7 में मौलाना का नाम शामिल है। मौलाना तौकीर रजा समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके अलावा 39 अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है।

 7 दिन पहले से रची गई थी साजिश

एसएसपी अनुराग आर्या ने खुलासा किया कि इस पूरे बवाल की तैयारी पिछले 7 दिनों से चल रही थी और इसमें बाहरी लोगों की भी भूमिका थी। पुलिस ने मौके से चाकू, तमंचे, ब्लेड और पेट्रोल की बोतलें भी बरामद की हैं।

डीएम का बयान

डीएम अविनाश सिंह ने बताया कि प्रशासन को उनकी योजना की जानकारी पहले से थी। उन्हें यह स्पष्ट कर दिया गया था कि शहर में बीएनएसएस की धारा 163 लागू है और बिना अनुमति कोई भी कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सकता। डीएम ने बताया कि मौलाना तौकीर रजा और उनके प्रतिनिधि नदीम व नफीज प्रशासन के संपर्क में थे और उन्होंने लिखित रूप से भरोसा दिलाया था कि कोई प्रदर्शन नहीं किया जाएगा।

डीएम के अनुसार, “हमारे साथ हुई बैठक में मौलाना और उनके प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया था कि वे किसी कार्यक्रम को आगे नहीं बढ़ाएंगे। यहां तक कि हमें एक पत्र भी मिला था, जिसमें इसका उल्लेख था। लेकिन इसके अगले ही दिन मौलाना ने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि दिया गया पत्र फर्जी है और वे अपनी पुरानी योजना पर ही आगे बढ़ेंगे।”

भीड़ को रोकने के लिए पुलिस ने किया बल प्रयोग

डीएम ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद अधिकांश लोग शांतिपूर्वक घर लौट गए, लेकिन कुछ लोग वहीं रुककर इस्लामिया इंटर कॉलेज की ओर बढ़ने लगे। जब उन्होंने कानून अपने हाथ में लेने और शांति भंग करने की कोशिश की, तो पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें