बेगूसराय में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ‘आई लव मोहम्मद बनाम आई लव महाकाल’ विवाद को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर कड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि दोनों नेता देश में गृह युद्ध जैसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं।
नेपो किड और परिवारवाद का आरोप
गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को ‘नेपो किड’ करार देते हुए कहा कि यदि ये बड़े-बाप के बेटे नहीं होते तो शायद मोहल्ले के लोग भी इन्हें पहचानते नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने लेह से लेकर मणिपुर तक आगजनी और हिंसा को बढ़ावा दिया।
देश में आग फैलाने की कोशिश
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेपाल में हुई घटनाओं के बाद से ही राहुल गांधी और तेजस्वी यादव देश में अशांति फैलाने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि लेह में हुई हिंसा और अब ‘आई लव मोहम्मद’ विवाद भी उसी कड़ी का हिस्सा है।
‘अर्बन नक्सल’ का आरोप
गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी, असदुद्दीन ओवैसी और महबूबा मुफ्ती जैसे नेता जनता को भड़का रहे हैं और देश में गृह युद्ध जैसी स्थिति पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ‘अर्बन नक्सल’ की तरह काम कर रहे हैं और देश को अपमानित करने में विदेशी मीडिया के साथ मिलकर काम करते हैं।










