UP weather : पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। शनिवार शाम राजधानी में मौसम का मिजाज अचानक बदला और हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक 30 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लखनऊ समेत पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
हालांकि, 4 अक्टूबर से फिर से तेज धूप निकलने की संभावना है। इस बीच हो रही छिटपुट बरसात धान की खेती के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, रविवार तक दक्षिण और पूर्वी यूपी में हो रही छिटपुट बारिश थम जाएगी। सोमवार को मौसम साफ रहेगा, लेकिन मंगलवार से लगभग 35 जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
रविवार को पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में भी बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर से मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है। उम्मीद है कि अक्टूबर के पहले हफ्ते तक उत्तर प्रदेश से भी मानसून पूरी तरह लौट जाएगा।
बंगाल की खाड़ी का असर
बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब क्षेत्र रविवार को और सक्रिय हो सकता है। इसका असर यूपी के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में देखने को मिलेगा। खासतौर पर बुंदेलखंड और अवध के कई इलाकों (जिसमें लखनऊ भी शामिल है) में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को भी पारा लगभग इसी स्तर पर बने रहने की संभावना है।










