बड़ा हादसा : चेन्नई के थर्मल पावर स्टेशन में 30 फीट ऊंचाई से गिरा आर्च, 9 मजदूरों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। एनोर स्थित थर्मल पावर स्टेशन (Chennai Thermal Power Station) के निर्माण स्थल पर एक अधूरी इमारत अचानक ढह गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 9 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूर मलबे में दबकर घायल हो गए।

30 फीट ऊंचा आर्च गिरा

जानकारी के मुताबिक हादसा उस वक्त हुआ जब 30 फीट ऊंचाई पर बना एक आर्च नीचे गिर गया और कई मजदूर उसके नीचे दब गए। बचाव दल ने तुरंत मलबा हटाने का काम शुरू किया।

घायलों का इलाज जारी

एजेंसी रिपोर्ट्स के अनुसार, सभी मृतकों के शव स्टेनली अस्पताल भेजे गए हैं, जबकि गंभीर रूप से घायल मजदूरों का इलाज आईसीयू में चल रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि कई मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है।

जांच में जुटा प्रशासन

चेन्नई पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि इमारत गिरने की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फिलहाल बचाव कार्य लगातार जारी है।

मजदूरों की बड़ी संख्या थी मौजूद

तमिलनाडु विद्युत बोर्ड (TNEB) के सचिव डॉ. जे. राधाकृष्णन ने बताया कि निर्माण स्थल पर करीब 3700 मजदूर काम कर रहे थे। सुरक्षा अधिकारी और कर्मचारी अलग-अलग टीमों के साथ हालात की निगरानी कर रहे हैं ताकि आगे कोई बड़ी समस्या न हो।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें