Varanasi : सिगरा थाना क्षेत्र स्थित बादशाह बाग इलाके में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां फरोग उर्दू मदरसा में तैनात सरकारी शिक्षक दानिश रज़ा का शव उनके ही घर में खून से सना हुआ पाया गया।
जानकारी के मुताबिक, दानिश रज़ा का शव कमरे में चौकी पर पड़ा मिला था। चारों ओर दीवारों और फर्श पर खून फैला हुआ था। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में ही मौजूद थे, लेकिन वे दूसरे कमरे में सो रहे थे और उन्हें इस वारदात की भनक तक नहीं लगी।
दानिश रज़ा के परिवार में उनकी पत्नी, 8 साल की बेटी और 5 साल का बेटा है। वह चार बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनका बड़ा भाई छत्तीसगढ़ में डॉक्टर है और वहीं अपने परिवार के साथ रहते हैं।
घटना की खबर मिलते ही सिगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने परिजनों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है।










