भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा चुनाव के सह प्रभारी केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को कहा कि आगामी चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ऐतिहासिक जीत हासिल करेगा।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मौर्य पटना पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं और नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, “बिहार की जनता हर सवाल का जवाब वोट से देगी। राज्य में पहले भी एनडीए ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी, लेकिन 2025 में उससे भी बड़ी जीत होने जा रही है।”
गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बिहार चुनाव का प्रभारी और केशव प्रसाद मौर्य को सह प्रभारी नियुक्त किया है।
ओवैसी और विपक्ष पर जवाब
एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी द्वारा दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने कहा कि जनता चुनाव में हर आरोप का जवाब वोट से देगी।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “राहुल गांधी विदेश जाकर भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं, जबकि इसी लोकतंत्र ने उन्हें संसद तक पहुंचाया है। विपक्ष के सारे सवालों का असली जवाब जनता ही देगी।”
उद्धव ठाकरे पर तंज
शिवसेना (उद्धव गुट) नेता उद्धव ठाकरे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी का जवाब देते हुए मौर्य ने कहा कि विपक्ष केवल बयानबाजी तक सिमटा है, जबकि भाजपा जनता के बीच जाकर जमीनी स्तर पर काम कर रही है।










