इजरायल-हमास के बीच शांति समझौते पर बनी सहमति, ट्रंप के ऐलान पर बोले PM मोदी- हम स्वागत करते हैं…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्य पूर्व में लंबे समय से जारी संघर्ष के बीच अब एक बड़ी कूटनीतिक सफलता सामने आई है। अमेरिका की मध्यस्थता में इजरायल और हमास ने शांति योजना के पहले चरण पर सहमति जताई है। इस ऐतिहासिक पहल की घोषणा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि यह राष्ट्रपति ट्रंप की पहल और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के मजबूत नेतृत्व का प्रतीक है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा कि हमें उम्मीद है कि इस समझौते से बंधकों की रिहाई और गाजा में मानवीय सहायता बढ़ने से वहां के लोगों को राहत मिलेगी और स्थायी शांति का मार्ग प्रशस्त होगा।

मिस्र में हुआ समझौता

यह समझौता गाजा में जारी युद्ध को रोकने और दोनों पक्षों के कैदियों की रिहाई सुनिश्चित करने पर केंद्रित है। इस पर गुरुवार को मिस्र में हस्ताक्षर किए गए। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे “स्थायी शांति की दिशा में पहला ठोस कदम” बताया, वहीं इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इसे “कूटनीतिक सफलता और नैतिक जीत” कहा।

ट्रंप बोले – आज पूरे विश्व के लिए एक ऐतिहासिक दिन

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने Truth Social पर पोस्ट करते हुए कहा, “मुझे गर्व है कि इजरायल और हमास ने हमारी शांति योजना के पहले चरण पर सहमति जताई है। इसका अर्थ है कि सभी बंधक जल्द रिहा होंगे और इजरायली सेना निर्धारित सीमाओं तक पीछे हट जाएगी। यह स्थायी शांति की दिशा में पहला कदम है।”

उन्होंने आगे कहा कि इस प्रक्रिया में सभी पक्षों के साथ समान व्यवहार किया जाएगा। ट्रंप ने इस दौरान कतर, मिस्र और तुर्किए का विशेष रूप से धन्यवाद किया, जिन्होंने वार्ता को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।

ट्रंप ने कहा कि यह दिन न केवल अरब और मुस्लिम जगत के लिए बल्कि इजरायल, अमेरिका और दुनिया के सभी शांतिप्रिय देशों के लिए भी ऐतिहासिक है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें