फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में करवा चौथ के अगले ही दिन एक दंपति की आत्महत्या से सनसनी फैल गई। मामला मटसेना थाना क्षेत्र के नगला श्रोती गांव का है, जहां पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हुआ विवाद एक दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
दो साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, मृतक प्रमोद और उसकी पत्नी निशा की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। बताया जा रहा है कि करवा चौथ के अगले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि प्रमोद ने गांव दौकेली के पास रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी।
पत्नी ने भी दी जान
जब परिवार को प्रमोद की मौत की खबर मिली और वे घर पहुंचे, तो वहां का मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। प्रमोद की पत्नी निशा ने भी घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। दोनों की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सदर चंचल त्यागी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच करवा चौथ के दिन किसी बात को लेकर झगड़ा होने की पुष्टि हुई है। पति का शव रेलवे ट्रैक पर मिला जबकि पत्नी की लाश घर के कमरे में पाई गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की पूरी जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल गांव में शोक का माहौल है और परिजन सदमे में हैं कि एक मामूली विवाद ने दो जिंदगियों को खत्म कर दिया।










