लखनऊ: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर एक बार फिर योगी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा द्वारा जारी किए गए एनसीआरबी के आंकड़े साफ बताते हैं कि महिलाएं बड़े पैमाने पर असुरक्षित हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने में लगी है, जबकि उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में उत्पीड़न और अन्याय की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रहीं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पिछले नौ सालों में भाजपा सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार जड़ें जमा चुका है। जिन विभागों का काम जनता को सुविधा और सहयोग देना था, वहीं अब लूट-खसोट और बेईमानी का अड्डा बन गए हैं।










